Opium and Heroin Smuggling Racket Busted Under the Guise of Onion Transport; Two Accused Arrested with 3 kg of Opium and 100 g of Heroin

चित्तौड़गढ़, 19 अप्रैल। “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत निंबाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 3 किलो अवैध अफीम और 100 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर प्याज के कट्टों की आड़ में नशे का यह अवैध माल परिवहन कर रहे थे।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में एसआई सुरेश पालिवाल मय जाप्ता द्वारा हाईवे पर नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान नीमच की ओर से आ रहे अशोक लीलैंड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान प्याज के कट्टों के बीच छिपाकर रखी गई 5 थैलियों में 3 किलो अफीम और 1 थैली में 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं और मध्यप्रदेश से पंजाब तक सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे तस्करी गिरोह और इसके फाइनेंशियल नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखबिर सिंह और गुरविंदर सिंह निवासी तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में अफीम व हेरोइन की संयुक्त बरामदगी की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्यवाही में एसआई सुरेश पालिवाल, एएसआई सुंदरपाल सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
यह खबरें भी पढ़ें…
श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड की बजट बैठक सम्पन्न, 579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार
शादी का झांसा देकर 2.40 लाख की ठगी, फर्जी दुल्हन सहित तीन गिरफ्तार
साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, म्युल अकाउंट से रकम निकालने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खाते का संचालक गिरफ्तार, 21.90 लाख का ट्रांजेक्शन उजागर
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता






