साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, म्युल अकाउंट से रकम निकालने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Cyber fraud gang busted, two accused arrested for withdrawing money from mutual account,

ऑपरेशन म्युल हंटर के तहत चित्तौड़गढ़ साइबर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चित्तौड़गढ़, 18 अप्रैल। चित्तौड़गढ़ साइबर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन म्युल हंटर” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में मंगवाकर निकालने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खातों में लाखों रुपये की ठगी राशि का लेन-देन सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि संदिग्ध बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक एसबीआई खाते की जांच की गई, जिसमें दिल्ली के साइबर थाना नॉर्थ वेस्ट में दर्ज शिकायत से जुड़ी 78 हजार रुपये की ठगी राशि जमा होना सामने आया।
जांच में खाताधारक मुकेश दास वैष्णव निवासी सुरताखेड़ा थाना आकोला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी भगवती लाल जाट निवासी कंवरपुरा के कहने पर खाते में आई रकम चेक के जरिए निकालकर उसे सौंप दी। बाद में खाते में 3 लाख रुपये और जमा हुए, जिन्हें भी निकालकर साथी को दे दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मिलकर साइबर ठगी की रकम अपने खातों में मंगवाते थे, कमीशन रखते थे और बाकी राशि अन्य साथियों तक पहुंचाते थे।
जांच में मुकेश के खाते में 5.23 लाख रुपये और भगवती लाल के खाते में 5.37 लाख रुपये की ठगी राशि जमा होना सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया है। मामले में अन्य साथियों विष्णु कुमावत व ललित उर्फ लेहरू लोहार की भूमिका की भी जांच जारी है।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment