श्री सांवलियाजी मंदिर बोर्ड की बजट बैठक सम्पन्न, 579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार

SHARE:

579 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार, क्या सही से बजट लग पाएगा पार?

चित्तौड़गढ़। श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल की बजट बैठक गोकुल विश्रांति गृह में आयोजित हुई, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष के आय-व्यय तथा विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में मंदिर मंडल की आय, व्यय, निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया।

बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए समस्त स्रोतों से कुल अनुमानित आय 421 करोड़ रुपये के विरुद्ध संशोधित अनुमानित आय 411.39 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई। वहीं अनुमानित व्यय 421 करोड़ रुपये के मुकाबले संशोधित अनुमानित व्यय 128.14 करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया।

इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष में मंदिर मंडल द्वारा समस्त व्यवस्थाओं के संचालन, निर्माण एवं विकास कार्यों सहित कुल 579 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान रखा गया है। इस बजट में मंदिर व्यवस्था, परम्परागत महाप्रसाद, साधु-संतों एवं असहाय गरीबों के भोजन, कार्मिकों के वेतन-भत्ते, यात्रा एवं चिकित्सा व्यय, वाहन ईंधन, मशीनरी व उपकरणों के रखरखाव, कार्यालय संचालन, प्रचार-प्रसार, विद्युत, जल एवं स्वच्छता व्यवस्था जैसे कई मद शामिल किए गए हैं।

इसके साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला आयोजन, गौशाला संचालन, कृषि कार्य, चिकित्सा शिविर, शैक्षणिक गतिविधियां, निर्माण एवं विकास कार्य, अनुदान, शुल्क, ब्याज भुगतान, भोजनशाला संचालन, नवाचार योजनाएं और प्रसाद व्यवस्था पर भी विशेष बजट प्रावधान किया गया है।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही गौशाला के विकास, मंदिर से जुड़े प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, विभिन्न स्थानों पर टॉयलेट कॉम्प्लेक्स निर्माण, शेष स्टोन फसाड कार्य पूर्ण कराने तथा पूर्व में स्वीकृत प्रस्तावों के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने की। इस अवसर पर कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू, सदस्य मिठूलाल जाट, किशनलाल अहीर, पवन तिवारी, हरिराम गाडरी, रामलाल गुर्जर, मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभा गौतम, वरिष्ठ लेखाधिकारी राघव शर्मा, सहायक अभियंता रोहित मेहता, प्रशासनिक अधिकारी एवं नायब तहसीलदार शिवशंकर पारिक, प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता सुनील कटारा एवं संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *