(इलियास मोहम्मद)

कपासन, 25 जुलाई | विशेष धर्मिक समाचार
84वां सालाना उर्स-ए-पाक: हज़रत दीवाना शाह साहब र.अ. के उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क
कपासन कस्बे में स्थित प्रख्यात सूफी संत हज़रत दीवाना शाह साहब र.अ. का 84वां सालाना तीन दिवसीय उर्स 01 अगस्त से 03 अगस्त 2025 तक (6 से 8 सफर) मनाया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से हज़ारों जायरीन कपासन पहुंचते हैं। आयोजन को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए शुक्रवार को उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं दरगाह वक्फ कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। दरगाह कमेटी के सचिव मोहम्मद अब्बास अशरफी ने उर्स आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी विभागों के सहयोग की अपेक्षा जताई।
प्रमुख निर्णय एवं व्यवस्थाएं:
🔹 सुरक्षा व्यवस्था: उर्स के दौरान दरगाह और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन से दरगाह मार्ग तक पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी। पुलिस द्वारा ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी।
🔹 स्वास्थ्य सेवाएं: दरगाह परिसर के पास चिकित्सा टीम में एक डॉक्टर, मेल व फीमेल नर्स की तैनाती की जाएगी। साथ ही, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।
🔹 बिजली व जलापूर्ति: विद्युत विभाग द्वारा लाईनमैन की ड्यूटी लगाई जाएगी जो वक्फ कमेटी के संपर्क में रहेगा। जलदाय विभाग द्वारा दरगाह पर अस्थाई नल कनेक्शन लगाए जाएंगे एवं प्रतिदिन टैंकर से पानी की आपूर्ति होगी।
🔹 सफाई व प्रकाश व्यवस्था: नगरपालिका द्वारा रोजाना सड़कों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत, रोड लाइट दुरुस्त करना, हाईवे चौराहे से स्टेशन तक ठेले हटवाना और दरगाह के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था की जाएगी।
🔹 ट्रैफिक व पार्किंग: भारी व हल्के वाहनों की अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था होगी। रोडवेज विभाग द्वारा अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी ताकि बाहर से आने वाले जायरीन को सुविधा मिल सके।
🔹 दरगाह कमेटी द्वारा: बुलंद दरवाज़ा पर CCTV कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती, माइक व्यवस्था, पोस्टर-बैनर, पुलिस चौकी व जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
🔹 अन्य प्रशासनिक निर्देश: तहसीलदार भू-अभिलेख निरीक्षक, पटवारी एवं अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाएंगे और विशेष पास जारी करेंगे। भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
उपस्थित अधिकारी व सदस्य:
इस बैठक में डीवाईएसपी हरजीलाल यादव, तहसीलदार नासिर बेग मिर्जा, नगरपालिका ईओ ललित सिंह देथा, विद्युत विभाग के एईएन मुनीष कावन्ट, चिकित्सा विभाग से डॉ. नरोत्तम पाल सिंह, पीएचईडी के अभियंता फूल सिंह मीणा, पीडब्ल्यूडी के जेईएन हितेश मोर्या, सीडीपीओ उमा शर्मा, शिक्षा विभाग से आरपी महेन्द्र कुमार चाष्टा, दरगाह कमेटी के सचिव मोहम्मद अब्बास अशरफी, नायब सदर मोहम्मद यासीन खाँ अशरफी, हाजी मुबारिक हुसैन शेख, खजांची अब्दुल वहीद अंसारी, सदस्य अशफाक तुर्किया, सैयद अख्तर अली, हाजी अब्दुरहमान मंसूरी, नगरपालिका उपाध्यक्ष सैयद एजाज अली, हाजी जैनुद्दीन, हाजी शराफत हुसैन भाटी, और ज़ाकिर हुसैन अंसारी आदि शामिल रहे।
उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल कपासन के लिए, बल्कि समस्त क्षेत्रवासियों के लिए आस्था, एकता और सूफी परंपरा का प्रतीक है। सभी विभागों ने मिलकर उर्स को भव्य, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
यह खबरें भी पढ़ें…







