Huge amount of poppy husk seized from Creta car, major action by CBN

एक किलोमीटर तक पीछा कर खेत में दबोचा आरोपी | 141.290 किलो डोडा चूरा बरामद
चित्तौड़गढ़, 25 जुलाई। देशभर में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे सघन अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सी.बी.एन) चित्तौड़गढ़ सेल एवं चित्तौड़गढ़ डिवीजन प्रथम की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विशिष्ट सूचना के आधार पर 24 जुलाई को एक संदिग्ध क्रेटा कार (उदयपुर नंबर) की तलाश में टीम रवाना की गई।
सूचना के अनुसार, उक्त वाहन प्रतापगढ़ क्षेत्र से मारवाड़ की ओर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा ले जा रहा था। संदिग्ध मार्गों पर सघन निगरानी के दौरान अधिकारियों ने वाहन को पहचान लिया और रुकने का इशारा किया। परंतु चालक ने रुकने की बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ाकर सरकारी वाहन को टक्कर मारने का प्रयास किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीबीएन के निवारक दल ने टार राइफल से दो राउंड फायर कर वाहन का एक टायर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद लगभग एक किलोमीटर तक पीछा करते हुए टीम ने उक्त कार को निम्बाहेड़ा के मंडलाचारण-बाड़ी रोड, माइंस रोड चौराहे के पास रोक लिया।कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पास के खेत से धर दबोचा। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 141.290 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया।
पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद माल और वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह खबरें भी पढ़ें…







