85वें सालाना उर्स से पहले हजरत दीवाना शाह दरगाह की नई कमेटी ने संभाला कार्यभार, सैय्यद एजाज अली बने सदर

SHARE:

New Management Committee Takes Charge at Hazrat Diwana Shah Dargah Ahead of the 85th Annual Urs; Syed Ejaz Ali Appointed President

राजस्थान वक्फ बोर्ड ने की नियुक्ति, प्रशासन के साथ उर्स तैयारियों की समीक्षा बैठक; बोले— जायरीन की सुविधाएं और हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

कपासन, चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा कपासन स्थित हजरत दीवाना शाह दरगाह शरीफ की नई प्रबंधन कमेटी का गठन कर दिया गया है। एक वर्ष के कार्यकाल वाली इस कमेटी में सैय्यद एजाज अली को सदर (अध्यक्ष) नियुक्त किया गया है। 21 से 23 जुलाई तक आयोजित होने वाले 85वें सालाना उर्स से पूर्व नई कमेटी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है और उर्स की तैयारियों को लेकर प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक भी की।

राजस्थान वक्फ बोर्ड के सीईओ अब्बू सूफियान द्वारा जारी आदेश के अनुसार नई कमेटी का गठन किया गया। इससे पहले करीब आठ माह तक दरगाह का संचालन वक्फ बोर्ड की ओर से नियुक्त प्रशासक एवं अधिशाषी अधिकारी मोशीन गौड़ के माध्यम से किया जा रहा था। नई कमेटी को विधायक अर्जुनलाल जीनगर, अधिशाषी अधिकारी मोशीन गौड़ एवं सह-अधिशाषी अधिकारी फैजान खान ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कराया।

कमेटी में अनवर अहमद छीपा एवं सैय्यद मुकर्रम अली को संरक्षक बनाया गया है। कुदरत हुसैन शाह (राशमी) तथा मंसूर अहमद ओटवाल (कपासन) को नायब सदर, शराफत हुसैन भाटी को सचिव, मेहबूब शाह को सह-सचिव तथा सैय्यद इरफान अली बुखारी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा विभिन्न समाजजनों को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।

कार्यभार संभालने के बाद नई कमेटी ने विधायक अर्जुनलाल जीनगर, एसडीएम राजेश सुवालका एवं डीएसपी हरीश भारती के साथ बैठक कर 21 से 23 जुलाई तक आयोजित होने वाले 85वें सालाना उर्स की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल एवं जायरीन की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने प्रशासन और कमेटी के समन्वय से उर्स को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

सदर बोले— जायरीन की सुविधा और कौमी एकता हमारी प्राथमिकता

नवनियुक्त सदर सैय्यद एजाज अली ने राजस्थान सरकार के निर्देश पर राजस्थान राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा उन्हें हजरत दीवाना शाह बाबा दरगाह कमेटी, कपासन का सदर नियुक्त किए जाने पर राजस्थान वक्फ बोर्ड एवं विधायक अर्जुनलाल जीनगर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दरगाह के बेहतर निजाम, जायरीन की सुविधाओं और पारदर्शी व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि हजरत दीवाना शाह बाबा की दरगाह वर्षों से हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता और भाईचारे की मिसाल रही है तथा नई कमेटी इस परंपरा को और मजबूत करने का कार्य करेगी। आगामी 85वें सालाना उर्स के दौरान प्रशासन के सहयोग से सभी आवश्यक और माकूल व्यवस्थाएं की जाएंगी। सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे प्रत्येक जायरीन सुरक्षित एवं सुगमता से दरगाह पर हाजिरी दे सके।

सैय्यद एजाज अली

सदर (अध्यक्ष), हजरत दीवाना शाह दरगाह प्रबंधन कमेटी, कपासन

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें