चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई: क्रेटा कार से 136.150 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Major operation by CBN in Chittorgarh: 136.150 kg of illegal poppy straw seized from a Creta car; accused arrested.

चित्तौड़गढ़, 18 जुलाई। “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) कोटा ने चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हुंडई क्रेटा कार से 136.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया, जिस पर सीबीएन अधिकारियों ने करीब 300 मीटर तक पीछा किया और चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी की। बाद में आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुन्देल ने बताया कि सीबीएन को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार नेटावल महाराज–ओदुंद मार्ग से सीकर की ओर अवैध डोडा चूरा लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर 17 जुलाई की शाम विशेष टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की गई।

शनिवार को संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर अधिकारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर तेज गति से भाग निकला। पीछा करने के दौरान चेतावनी स्वरूप पिस्टल एवं ट्राइका राइफल से फायर किए गए। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा, लेकिन सीबीएन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

सुरक्षा कारणों से वाहन की तलाशी मौके पर नहीं ली जा सकी। वाहन को सीबीएन कार्यालय कोटा ले जाकर तलाशी ली गई, जहां कार में रखी सात बोरियों से 136.150 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद डोडा चूरा और हुंडई क्रेटा कार को जब्त कर लिया गया तथा आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

सीबीएन ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *