चित्तौड़गढ़। जिले में पंचायतीराज चुनावों का बिगुल बजने के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होते ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार पंचायतीराज चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे।

जिले में जिला परिषद के 35 सदस्य, 11 पंचायत समिति प्रधान, 199 पंचायत समिति सदस्य, 359 ग्राम पंचायत सरपंच और 3,159 वार्ड पंच चुने जाएंगे। 23 सितंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी हुई थी, जबकि 24 सितंबर को उपखंड मुख्यालयों पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों का आरक्षण तय किया गया।
4 और 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 4 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तथा दूसरे चरण का मतदान 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। दोनों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
जिले की 11 पंचायत समितियों को दो चुनावी चरणों में बांटा गया है। तीसरे चरण में चित्तौड़गढ़, भदेसर, कपासन, राशमी और भूपालसागर, जबकि चौथे चरण में बेगूं, भैंसरोड़गढ़, गंगरार, निम्बाहेड़ा, डूंगला और बड़ीसादड़ी में चुनाव होंगे।
सरपंच-वार्ड पंच के लिए बैलेट पेपर
सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव 6 और 16 नवंबर को होंगे। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी। पहले चरण के लिए उपसरपंच का चुनाव 7 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 17 नवंबर को होगा।
जिला प्रमुख और प्रधान का चुनाव बाद में
निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख 26 नवंबर, प्रधान 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।
जिला प्रमुख पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित
इस बार पंचायतीराज चुनावों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जिले की 11 पंचायत समितियों में से 5 में महिला प्रधान चुनी जाएंगी। इनमें गंगरार—अनुसूचित जाति महिला, राशमी—अनुसूचित जनजाति महिला, निम्बाहेड़ा, भैंसरोड़गढ़ और बड़ीसादड़ी—सामान्य महिला के लिए आरक्षित हैं।
ईवीएम और बैलेट पेपर से होगा मतदान
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए ईवीएम से मतदान कराया जाएगा, जबकि सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) की मल्टी पोस्ट मल्टी वोट मॉडल की मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुख्य चुनाव तारीखें:
जिला परिषद/पंचायत समिति मतदान: 4 नवंबर और 14 नवंबर
सरपंच/वार्ड पंच मतदान: 6 नवंबर और 16 नवंबर
जिला परिषद/पंचायत समिति मतगणना: 20 नवंबर
जिला प्रमुख: 25 नवंबर
उप जिला प्रमुख: 26 नवंबर
प्रधान: 27 नवंबर
उपप्रधान: 28 नवंबर
यह खबरें भी पढ़ें…
ऑटो पार्ट्स व्यवसायी 1 लाख 78 हजार की साइबर ठगी का हुआ शिकार
कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सभापति-आयुक्त को कराया अवगत
ओछड़ी टोल के पास अवैध बायोडीजल कारोबार पर डीएसटी-रसद विभाग की संयुक्त कार्रवाई
गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने दिए प्रशंसा पत्र
निर्माण, विद्युत और सफाई व्यवस्था की सभापति अनिल ईनाणी ने की समीक्षा
समाज कल्याण सप्ताह के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता






