चित्तौड़गढ़ में 23 से 25 अक्टूबर तक होगा मीरा महोत्सव-2026, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के आने की स्वीकृति

SHARE:

Meera Mahotsav-2026 to be held in Chittorgarh from October 23 to 25, Deputy Chief Minister Diya Kumari approved to attend

इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम के स्थान पर श्रीनाथ गार्डन में होंगे सांध्यकालीन कार्यक्रम, मीरा मंदिर में 25 अक्टूबर को होगा भक्ति महोत्सव

चित्तौड़गढ़। भक्त शिरोमणि मीराबाई के 527वें जन्मोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में मीरा स्मृति संस्थान, चित्तौड़गढ़ की ओर से 23, 24 एवं 25 अक्टूबर को मीरा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में लोक संस्कृति, गरबा-डांडिया, शास्त्रीय नृत्य, मीरा नृत्य-नाटिका और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन के लिए राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री दिया कुमारी के 25 अक्टूबर को आगमन की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है।

श्रीनाथ गार्डन में होंगे सांध्यकालीन कार्यक्रम

निर्वाचन विभाग द्वारा इंदिरा प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम का अधिग्रहण किए जाने के कारण महोत्सव के सांध्यकालीन कार्यक्रमों का स्थल बदल दिया गया है। अब 23, 24 और 25 अक्टूबर को प्रतिदिन रात 8 बजे कार्यक्रम महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में होंगे। वहीं, 25 अक्टूबर को सुबह 8 बजे चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में भक्ति महोत्सव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।

23 अक्टूबर को लोक संस्कृति और गरबा-डांडिया की धूम

महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को रात 8 बजे लोक रंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जय अम्बे नवयुवक मंडल द्वारा गुजराती गरबा, नटराज कला केंद्र की कथक प्रस्तुतियां, मेवाड़ महोत्सव समिति एवं आदि शक्ति ग्रुप द्वारा गरबा-डांडिया रास और उड़ान डांस एकेडमी द्वारा घूमर नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही मेवाड़ी नृत्य, मेवाड़ की विरासत, दिव्य रासलीला, राधा-कृष्ण की फूलों की होली और बरसाना थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

24 अक्टूबर को मीरा नृत्य-नाटिका और भक्ति संगीत

शनिवार को दूसरे दिन गणेश वंदना और भक्ति संगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कैलाश गंधर्व एवं सहयोगियों द्वारा भक्ति संगीत प्रस्तुत किया जाएगा। रविन्द्र नाथ टैगोर ग्रुप ऑफ कॉलेज के कलाकार, मेवाड़ विश्वविद्यालय गंगरार की डॉ. कुंजलता मिश्रा की ओडिसी नृत्य प्रस्तुति तथा दिल्ली की नृत्यांगना दिव्या गोवा सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक कला और मीरा की कृष्ण भक्ति की झलक देखने को मिलेगी।

25 अक्टूबर को मीरा मंदिर में भक्ति रासोत्सव

रविवार को सुबह 8 बजे चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में मीरा भजन, भक्ति संगीत और मीरा नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियां होंगी। कैलाश गंधर्व, दिल्ली की सुश्री विधि शर्मा, मेवाड़ विश्वविद्यालय गंगरार के कलाकार तथा कथक कला गुरु सदानंद बिस्वास एवं सहयोगी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

रात्रिकालीन कार्यक्रम में ‘मीरा-माधव’ रहेगी विशेष आकर्षण

25 अक्टूबर को रात 8 बजे श्रीनाथ गार्डन में महोत्सव का समापन समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है। राशि मूंदड़ा द्वारा विनायक आगमन नाद पर नृत्य प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कथक कला गुरु सदानंद बिस्वास की नृत्य-नाटिका ‘मीरा… भक्ति के सागर’ और बेंगलुरु की भूषण एकेडमी की ‘मीरा-माधव’ प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेंगी। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित गायिका सुश्री विधि शर्मा भजन एवं भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगी।

जनप्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की सहभागिता

महोत्सव में संत श्री दिग्विजय राम जी, रामद्वारा चित्तौड़गढ़, राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर तथा बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की सहभागिता रहेगी।

संस्थानों और प्रशासन का मिल रहा सहयोग

मीरा स्मृति संस्थान के अनुसार महोत्सव को संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर, उत्तर-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, पर्यटन विभाग राजस्थान, यूआईटी, नगर परिषद, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं प्रेस मीडिया का सहयोग मिल रहा है। आयोजन स्थल में अचानक हुए बदलाव के बाद संस्थान की विभिन्न कमेटियां और पदाधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

संस्थान ने नागरिकों, धर्मप्रेमियों, कला एवं संस्कृति प्रेमियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से सोशल मीडिया पर जारी सूचना को आमंत्रण मानकर महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य मीराबाई की भक्ति, त्याग और आध्यात्मिक चेतना के साथ मेवाड़ की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम स्थल एवं समय: 23 से 25 अक्टूबर 2026, प्रतिदिन रात 8 बजे, श्रीनाथ गार्डन, महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, चित्तौड़गढ़। 25 अक्टूबर को सुबह 8 बजे मीरा मंदिर, चित्तौड़गढ़ दुर्ग में भक्ति महोत्सव होगा। बाहर से आने वाले कलाकारों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था मांगलिक धाम, गांधी नगर, चित्तौड़गढ़ में की गई है।

यह खबरें भी पढ़ें…

बारिश के बाद भी नहीं फीका पड़ा दशहरे का उत्साह, चित्तौड़गढ़ में भव्य आतिशबाजी के बीच हुआ रावण दहन

 

Leave a Comment

और पढ़ें