रावतभाटा के डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने यूपीएससी 2025 में देश में किया टॉप, चित्तौड़गढ़ जिले का नाम रोशन

SHARE:

Dr. Anuj Agnihotri of Rawatbhata topped the UPSC 2025 exam in the country, bringing laurels to Chittorgarh district.

चित्तौड़गढ़। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इसमें चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त करते हुए जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

डॉ. अनुज पहले भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। वर्ष 2023 में अपने पहले प्रयास में उनका चयन दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में हुआ था और उन्हें दिल्ली में उपखण्ड अधिकारी (एसडीएम) के पद पर नियुक्ति मिली थी। उन्होंने दिसंबर 2024 में यह पद जॉइन किया था। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने यूपीएससी मेंस परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने देश में शीर्ष स्थान हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की।

डॉ. अनुज ने बताया कि यूपीएससी की तैयारी एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें कई उतार-चढ़ाव आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस बार सफलता नहीं मिलती तो वे अगले प्रयास की तैयारी जारी रखते। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान मेडिकल साइंस और राजस्थान के इतिहास से जुड़े सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया।

डॉ. अनुज ने वर्ष 2023 में एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। इससे पहले वर्ष 2017 में एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उन्होंने 215वीं रैंक प्राप्त की थी। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा रावतभाटा स्थित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से पूरी की और 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।

डॉ. अनुज के पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की इकाइयों में कार्यरत हैं, जबकि माता मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। पिता ने बेटे की सफलता को उसकी कड़ी मेहनत और परिवार के आशीर्वाद का परिणाम बताया। वहीं मां ने कहा कि बेटे की सफलता से पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है।

पढ़ाई के साथ-साथ डॉ. अनुज को टेबल टेनिस खेलना भी पसंद है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment