अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों का विरोध, महिलाओं ने पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह की चेतावनी

चित्तौड़गढ़/गंगरार। चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के जीवा नायकों का खेड़ा गांव में अवैध MDMA (एमडी) नशे की फैक्ट्री से जुड़े मकान पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को शुक्रवार को आरोपियों और उनके परिवारजनों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त मकान को अतिक्रमण मानते हुए उसे हटाने की कार्रवाई की जानी थी। डीएसपी गंगरार शिवान्या सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की, नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों के परिजनों ने घर के बाड़े को अंदर से बंद कर लिया और विरोध शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुछ महिलाओं ने पेट्रोलियम पदार्थ छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की चेतावनी दी तथा मकान के दरवाजे के पास आग लगा दी। इस घटना के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिलहाल कार्रवाई को रोक दिया गया। इसके बाद पुलिस बल मौके से वापस लौट गया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने पूर्व में भी 16 जनवरी को इसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडीएमए फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था। उस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ, मोबाइल फोन, लैपटॉप, नगदी तथा कई उपकरण बरामद किए थे।
फिलहाल पुलिस ने इस कार्रवाई को अस्थायी रूप से रोक दिया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि नई रणनीति के साथ जल्द ही इन अवैध ठिकानों पर दोबारा कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








