Police flag march in Chittorgarh in view of festivals

शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने की अपील
चित्तौड़गढ़। आगामी होली, रमजान ईद एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील व प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में आयोजित फ्लैग मार्च में डीएसपी बृजेश सिंह, सदर एसएचओ प्रेम सिंह, महिला थानाधिकारी निधि सहित थाना एवं वृत्त स्तर के अधिकारी, यातायात पुलिस और एमबीसी के जवान शामिल रहे।
पुलिस दल ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर मार्च कर आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अफवाह फैलाने, भ्रामक संदेश प्रसारित करने या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री डालने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर रात्रि गश्त भी बढ़ाई गई है।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की है।
यह खबरें भी पढ़ें…










