Grocery store robbery uncovered, seven accused arrested

3.50 लाख का चोरी का सामान व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद,
चित्तौड़गढ़, 24 जनवरी। चित्तौड़गढ़ के औछड़ी चौराहा स्थित एक किराणा स्टोर में हुई नकबजनी की वारदात का सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 17 जनवरी की रात्रि को चित्तौड़गढ़-निम्बाहेड़ा रोड स्थित औछड़ी चौराहा पर महेन्द्रनाथ योगी की चारभुजा इंटरप्राइजेज किराणा दुकान में अज्ञात बदमाशों ने पीछे की दीवार में छेद कर नकबजनी की थी। इस संबंध में सदर थाना चित्तौड़गढ़ में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई मुरलीदास द्वारा किया गया।
रात्रि के समय हुई इस चोरी की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी शहर ब्रजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेम सिंह पु.नि. के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए नकबजनी का खुलासा किया गया।
पुलिस टीम ने भरसक प्रयास कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा चोरी किया गया किराणा सामान व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया।
मामले में राजू लाल जटिया (31), निवासी ओछड़ी थाना सदर चित्तौड़गढ़, कन्हैया लाल भील उर्फ काना (24) निवासी ओछड़ी, मुरली सरगरा (35) निवासी ओछड़ी, जीतू धोबी (25) निवासी ओछड़ी, गोविन्द उर्फ नकरिया भील (20) निवासी ओछड़ी, साहिल भील (19), निवासी पुलिस लाइन के पीछे, भीलवाड़ा (हाल ओछड़ी), राधेश्याम रेगर (22), निवासी सेमलिया, थाना शंभूपुरा, जिला चित्तौड़गढ़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








