21 से 23 सितंबर तक भव्य मेला, जलझूलनी एकादशी पर निकलेगी विशाल रथयात्रा

SHARE:

3 दिवसीय मेले में बी. प्राक, शैलेश लोढ़ा और छोटू सिंह रावणा देंगे अपनी पस्तुतियां,

A grand fair will be held from September 21st to 23rd, and a huge chariot procession will be held on Jaljhulani Ekadashi.

चित्तौड़गढ़, 19 सितंबर। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी (मंडफिया) में जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होगा।

मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की भजन संध्याएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बी. प्राक, कवि एवं अभिनेता शैलेश लोढ़ा और प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड़ ने बताया कि मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तीन दिनों तक मंडफिया नगरी भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगी।

21 सितंबर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा

मेले के प्रथम दिन सोमवार को दोपहर 2 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात में मेला ग्राउंड के विभिन्न मंचों पर भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

इसी दिन रात 9 बजे मंडफिया बाईपास स्थित उप जिला चिकित्सालय/रेफरल चिकित्सालय के पास अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें शैलेश लोढ़ा सहित देशभर के कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी पर रथयात्रा

मंगलवार 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर दोपहर 12 बजे श्री सांवलियाजी मंदिर परिसर से सांवरिया सरोवर तक विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इसी दिन रात 9 बजे मंडफिया बाईपास स्टेज पर बी. प्राक मय दल की विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा मेला ग्राउंड के मीरा एवं गोवर्धन रंगमंच पर भी विभिन्न कलाकारों की भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

23 सितंबर को छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या

मेले के अंतिम दिन बुधवार 23 सितंबर को समापन समारोह होगा। रात 9 बजे मेला ग्राउंड स्थित मीरा रंगमंच पर प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा की विशाल भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

तीन दिवसीय मेले में भगवान सांवरिया सेठ के दर्शन, विशाल शोभायात्रा एवं रथयात्रा के साथ बी. प्राक, शैलेश लोढ़ा और छोटू सिंह रावणा की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

यह खबरें भी पढ़ें…

Leave a Comment