Voting for the third phase of Panchayat Raj elections concluded in Chittorgarh, enthusiasm seen among women and elderly
पांच पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों में मतदान, जिला परिषद के 17 और पंचायत समिति के 93 वार्डों के लिए डाले गए वोट
चित्तौड़गढ़। जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को पांच पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुबह मतदान की गति धीमी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती गई। सुबह 10 बजे तक 14.39 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 35.35 प्रतिशत और अपराह्न 3 बजे तक 50.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और घूंघट में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। वहीं बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और वॉलंटियर्स की व्यवस्था की गई। मतदान केंद्रों पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा और संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गई।
वार्ड 16 पर रही विशेष नजर
जिला परिषद के वार्ड संख्या 16 का चुनाव खासा चर्चा में रहा। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी सुशीला कंवर चुनाव मैदान में हैं। वहीं बस्सी राजकीय विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
532 मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान
तीसरे चरण में चित्तौड़गढ़, भदेसर, कपासन, भूपालसागर और राशमी पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत जिला परिषद के 17 और पंचायत समिति के 93 वार्डों के लिए मतदान हुआ। इसके लिए जिले में 532 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें 30 मतदान केंद्र संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
5 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव
इन्हीं पांच पंचायत समितियों में सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव 5 नवंबर को मतपत्रों के माध्यम से होंगे। इनके परिणाम उसी दिन रात तक घोषित किए जाएंगे। वहीं जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 20 नवंबर को जारी होंगे।
यह खबरें भी पढ़ें…
चित्तौड़गढ़ पंचायती राज चुनाव: तीसरे चरण का मतदान संपन्न, 5 पंचायत समितियों में वोटिंग
चित्तौड़गढ़ में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न। 5 पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हुआ।









1 thought on “चित्तौड़गढ़ में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान संपन्न, महिलाओं और बुजुर्गों में दिखा उत्साह”