पेंशनर समाज कार्यालय में साइबर अपराध से बचाव पर सेमिनार, पेंशनर्स को बताए सतर्कता के उपाय

SHARE:

चित्तौड़गढ़। राजस्थान पेंशनर समाज के कार्यालय में साइबर अपराध एवं तकनीकी सेवाओं से संबंधित जनजागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूरे सितंबर माह चल रहे ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ जनजागरूकता अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना, चित्तौड़गढ़ द्वारा किया गया।

सेमिनार में मुख्य वक्ता सुमन कुमार, सीआई क्राइम ब्रांच ने पेंशनर्स को साइबर ठगी से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी एवं साइबर अपराध के अन्य तरीकों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की।
कार्यक्रम में नरेन्द्र प्रताप सिंह, उप अधीक्षक पुलिस, सुमन कुमार, सीआई क्राइम ब्रांच तथा इन्द्रा काबरा, उपकोषाधिकारी चित्तौड़गढ़ उपस्थित रहे। पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा ने बताया कि जिला कोषाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के अनुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान उपस्थित पेंशनर्स अल्लानूर खां, दिनेशचन्द्र काबरा, मोहम्मद जफरूल्ला खां, मनोहरलाल सोनी एवं यशवन्त दशोरा ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की घटनाओं की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने घटनाओं की जानकारी लेते हुए भविष्य में सतर्क रहने के सुझाव दिए।

नरेन्द्र प्रताप सिंह ने भी पेंशनर्स को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक और सावधान रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में इन्द्रा काबरा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

यह खबरें भी पढ़ें…

Leave a Comment