भाजपा ने जारी किया नगर परिषद चुनाव का संकल्प पत्र, विकास का रोडमैप किया पेश

SHARE:

चित्तौड़गढ़, 04 सितंबर। नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के लिए अपना चुनावी संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय सांसद सीपी जोशी ने कहा कि जनसंघ के समय से ही चित्तौड़गढ़ की जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलता रहा है और इस बार भी जनता रिकॉर्ड बहुमत के साथ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने जा रही है।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्य और शहर में उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाएं भाजपा की जीत का प्रमुख आधार बनेंगी। भाजपा जनभागीदारी, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने पर गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट का निर्माण और गंभीरी माता की प्रतिमा की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। उन्होंने अमृत सिटी के माध्यम से चित्तौड़गढ़ को मिली विकास की सौगातों का भी उल्लेख किया। सांसद ने कहा कि भाजपा का प्रयास रहेगा कि चित्तौड़गढ़ को देश के विकसित एवं सुव्यवस्थित शहरों की श्रेणी में शामिल किया जाए और शहर की पहचान इंदौर जैसे सुव्यवस्थित शहरों के समकक्ष बने।

भाजपा का संकल्प पत्र विकास का रोडमैप : आक्या
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर नगर परिषद चुनाव लड़ रहे हैं और शहर में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

विधायक आक्या ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त और विकसित शहर बनाने का रोडमैप है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसा चित्तौड़गढ़ बनाना है, जहां स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं, सुगम यातायात, रोजगार, पर्यटन और विकास को प्राथमिकता मिले। प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाने के साथ नागरिकों और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

संकल्प पत्र में ये प्रमुख वादे
भाजपा के संकल्प पत्र में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया गया है।

प्रमुख रूप से—
शहर के मध्य से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर नवीन अंडरपास का निर्माण
गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट और गंभीरी माता की प्रतिमा की स्थापना
शहर के प्रवेश स्थलों पर स्वागत एवं शौर्य द्वार का निर्माण
सेक्टर ऑफिस व्यवस्था को सुचारू कर सफाई व्यवस्था में सुधार
घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करना
गोल प्याऊ सहित प्रमुख व्यस्त क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना
आवश्यक स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग की योजना
व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए बेहतर पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और सड़क व्यवस्था
प्रमुख एवं सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था
नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करना
नवीन ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण
चंदेरिया रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज का निर्माण
चंदेरिया में स्टेडियम एवं आधुनिक सामुदायिक भवन,
प्रत्येक वार्ड में स्थित डंपिंग यार्ड हटाना
सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण
भेरड़ा माइंस से संगम महादेव तक नदी पर काजवे एवं पुलिया निर्माण,

भाजपा ने संकल्प पत्र के माध्यम से चित्तौड़गढ़ नगर परिषद को जनसुविधा, सुशासन और विकास का आदर्श नगर निकाय बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, नरेंद्र जैन, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, सुशील शर्मा, अनंत समदानी, सागर सोनी, मंडल अध्यक्ष गौरव त्यागी, गजेंद्र सिंह, सुधीर जैन, मनोज पारीक, नंदकिशोर लोहार, प्रदीप काबरा, आशीष शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह खबरें भी पढ़ें…

चित्तौड़गढ़ भाजपा संकल्प पत्र 2026, चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव, भाजपा चुनावी संकल्प पत्र, सीपी जोशी चित्तौड़गढ़, चंद्रभान सिंह आक्या, चित्तौड़गढ़ नगर परिषद चुनाव 2026, चित्तौड़गढ़ रिवर फ्रंट, चित्तौड़गढ़ विकास, भाजपा संकल्प पत्र चित्तौड़गढ़

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *