एडीजी राघवेंद्र सुहास ने किया चित्तौड़गढ़ पुलिस का वार्षिक निरीक्षण,

Directives for crime control and a crackdown on organized crime.
जघन्य अपराध की विवेचना का देखा डेमो; पुलिस अधिकारियों-जवानों से किया सीधा संवाद
चित्तौड़गढ़, 19 जून। जिले के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) श्री राघवेंद्र सुहास ने चित्तौड़गढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा की।
एडीजी (ट्रेनिंग) श्री राघवेंद्र सुहास ने पुलिस लाइन में आयोजित संपर्क सभा में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की सेवा संबंधी एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और स्थानीय स्तर पर समाधान योग्य मामलों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल, कार्यक्षमता और जनसेवा की भावना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
अपराध गोष्ठी में एडीजी ने जिले की कानून व्यवस्था और अपराधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संगठित अपराध, गैंगवार, अवैध हथियार, मादक पदार्थ तस्करी, आदतन एवं हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, गंभीर अपराधों में बेहतर विवेचना और तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर रिकॉर्ड संधारण, लंबित कार्यों और कार्यालय व्यवस्था की जानकारी ली।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बनी छह प्लाटून की परेड की सलामी ली गई। एडीजी ने जवानों के अनुशासन और तैयारी की सराहना की।
इसके बाद भदेसर डीएसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में मादक पदार्थ तस्करों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी एवं तलाशी कार्रवाई का डेमो प्रस्तुत किया गया। वहीं डीएसपी शिवप्रकाश के नेतृत्व में जघन्य अपराध की विवेचना, साक्ष्य संकलन और वैज्ञानिक अनुसंधान प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
एडीजी राघवेंद्र सुहास ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की पेशेवर कार्यशैली, समन्वय और तैयारियों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, भगवत सिंह, जिले के सभी वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी एवं पुलिस कार्यालय स्टाफ मौजूद रहे।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







