एसपी धर्मेंद्र सिंह का आमजन से आह्वान— बिना डर शिकायत करें, पहचान रहेगी गोपनीय; अवैध ब्याजखोरी और जबरन वसूली के खिलाफ विशेष अभियान शुरू।

चित्तौड़गढ़, 4 जून। जिले में बढ़ती अवैध ब्याजखोरी और जबरन वसूली की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चित्तौड़गढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जिलेभर में ब्याज माफियाओं एवं अवैध रूप से ऋण वसूली करने वाले लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस के अत्यधिक ब्याज पर धन उधार देना, ऋण लेने वालों को डरा-धमकाकर, मानसिक प्रताड़ना देकर या दबाव बनाकर वसूली करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित ब्याज वसूल रहा है, धमकी दे रहा है, संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहा है अथवा किसी भी प्रकार की जबरदस्ती कर रहा है तो पीड़ित व्यक्ति या उसके परिजन तत्काल पुलिस को सूचना दें।
शिकायत संबंधित पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7300453344 अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले तथा आमजन का आर्थिक और मानसिक शोषण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चित्तौड़गढ़ पुलिस, ब्याज माफिया, अवैध वसूली, चित्तौड़गढ़ न्यूज, एसपी धर्मेंद्र सिंह, राजस्थान पुलिस, लोन रिकवरी, ब्याजखोरी, Crime News Chittorgarh, Rajasthan Crime News
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







