- School bus overturns, over 10 children injured
- धनेत कलां पुलिया के पास हादसा, चालक मौके से फरार
चित्तौड़गढ़, 13 मार्च। शहर के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक निजी स्कूल की बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। धनेत कलां पुलिया के पास बच्चों से भरी श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चित्तौड़गढ़ पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे और वह नियमित रूप से बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। इसी दौरान धनेत कलां पुलिया के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी जिला चिकित्सालय पहुंचे तथा घायल बच्चों का हालचाल जाना। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही से वाहन चलाने के कारण बस पलटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








