चित्तौड़गढ़। जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। कुएं पर लगी पानी की मोटर, केबिल और गन्ने के रस की चरकिया चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 2 सितंबर की रात मिर्चाखेड़ी गांव में उंकारलाल गुर्जर के कुएं से पानी की मोटर और केबिल चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी देशराज कुलदीप के निर्देशन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोरवान बस स्टैंड से 25 वर्षीय सम्पतलाल और 23 वर्षीय पप्पू उर्फ विजयराज बावरी को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में तीन वारदातों का खुलासा किया –
पहली, करीब दो माह पहले रोड किनारे से गन्ने का रस निकालने की चरकिया चोरी करना।
दूसरी, 12 दिन पहले मिर्चाखेड़ी गांव से कुएं की पानी की मोटर और केबिल चोरी करना। और तीसरी, सावंरिया जी मेले के दौरान मीरा चौक से बजाज कंपनी की प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना।
मंगलवाड़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा हो गया है और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
यह खबरें भी पढ़ें…








