चित्तौडगढ़। शहर चलो अभियान एवं सेवा पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को चंदेरिया स्थित सर्वाेदय संस्थान में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में नगर परिषद प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को अनेक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई।

शिविर को संबोधित करते हुए सांसद जोशी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पूरे प्रदेश में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गांधी जयंती तक संचालित रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की छोटी-बड़ी सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सड़कों की मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों की दुरुस्ती सहित आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
जोशी ने आमजन से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भागीदारी निभाएँ। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए ये शिविर लंबे समय तक चलेंगे, इनमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी-अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की मंशा है कि प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच, कोई भी वंचित न रहे। शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुँचकर उनके जीवन को सरल और सुगम बनाने का प्रयास कर रहा है।
अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शिविर में की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इस अवसर पर नगर परिषद प्रशासक विनोद मल्होत्रा, आयुक्त जितेंद्र मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने अपनी समस्याएँ प्रस्तुत कर विभागीय अधिकारियों द्वारा उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिला प्रभारी सचिव ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया अवलोकन
जिला प्रभारी सचिव नथमल डिडेल ने बुधवार को जिले में आयोजित सेवा शिविरों का अवलोकन किया। उन्होंने भदेसर पंचायत समिति की सुखवाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा शहर चलो अभियान एवं सेवा पखवाड़े के अंतर्गत चंदेरिया स्थित सर्वाेदय संस्थान में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया।
अवलोकन के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर शिविरों के अनुभव जाने तथा त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
डिडेल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलकर योजनाओं का लाभ सीधे शिविरों के माध्यम से मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत और परिवेदन का निस्तारण प्राथमिकता से कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध हो।
इस अवसर पर जिला कलक्टर आलोक रंजन, नगर परिषद प्रशासक विनोद मल्होत्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। दोनों शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
यह खबरें भी पढ़ें…








