जनहित में बड़ा कदम : सांसद सीपी जोशी ने जीएसटी रिफॉर्म्स पर जताया आभार, दिवाली से पहले चित्तौड़गढ़ दुर्ग की सड़कों के सुधार का दिया भरोसा

SHARE:

जीएसटी रिफॉर्म नेक्स्ट जेन-2 से आमजन को बड़ी राहत, किसानों को भी मिलेगा फायदा

चित्तौड़गढ़। सांसद सीपी जोशी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू जीएसटी रिफॉर्म नेक्स्ट जेन-2 आमजन के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। यह 22 सितंबर से लागू होगा और इससे न केवल टैक्स व्यवस्था सरल होगी बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कई वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। सांसद जोशी ने बताया कि अब 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स पूरी तरह माफ कर दिया गया है।  जीएसटी की चार टेक्स स्लैब थी अब केवल दो स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत ही रही है। ये जीएसटी रिफॉर्म अब तक का सबसे बड़ा रिफॉर्म है।

विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव का सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। रोजमर्रा के इस्तेमाल के सामान जैसे साबुन, टूथपेस्ट, ब्रश, ब्रेड जैसी जरूरत की चीजें अब सस्ती होंगी। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एयर कंडीशनर जैसे घरेलू उपकरणों पर टैक्स कम होने से इनकी कीमतों में भी कमी आएगी। ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी इससे बड़ा फायदा होगा—जहाँ पहले एक लाख रुपये की मोटरसाइकिल 28 प्रतिशत टैक्स में मिलती थी, अब वही वाहन करीब 90 से 95 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। इसी तरह छोटे वाहन और टू-व्हीलर खरीदना भी लोगों के लिए आसान होगा।

 

किसानों के लिए यह रिफॉर्म किसी राहत से कम नहीं है। कृषि उपकरणों जैसे ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ड्रिप इरिगेशन और अन्य मशीनरी पर टैक्स घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे खेती की लागत में कमी आएगी। उर्वरक और कृषि इनपुट्स पर भी टैक्स स्ट्रक्चर को संतुलित किया गया है। इसका फायदा सीधे तौर पर किसानों को मिलेगा और उत्पादन लागत कम होगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में भी राहत दी गई है। कई जीवनरक्षक दवाइयाँ, डायग्नोस्टिक किट और चश्मों पर टैक्स घटने से इलाज का खर्च भी कम होगा।

 

हालाँकि लग्जरी और “सिन गुड्स” जैसे तंबाकू, पान मसाला और प्रीमियम ब्रांडेड उत्पादों पर टैक्स बढ़ा दिया गया है, जिससे ये महँगे होंगे। विशेषज्ञ मानते हैं कि सरकार का मकसद आम जनता और किसानों को राहत देते हुए विलासिता और स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाने वाली चीजों पर टैक्स का बोझ बढ़ाना है।

 

सांसद जोशी ने चित्तौड़गढ़ से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र में दुर्ग की सड़कों के सुधार कार्य के लिए एक करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह काम जल्द ही शुरू होगा और दिवाली से पहले आमजन को बेहतर सड़कों की सौगात मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा” मनाया जाएगा, जिसमें जनहित से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 17 सितंबर को चित्तौड़गढ़ जिले सहित पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा,जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे। जिसमें आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyash
Author: Ilyash

Leave a Comment

और पढ़ें