Thieves’ gang terrorizes Chittorgarh: 7 miscreants caught on CCTV; cash and jewelry worth lakhs stolen from an unoccupied house.

चित्तौड़गढ़,20 जुलाई। शहर में इन दिनों चोर गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के चामटी खेड़ा इलाके में करीब सात बदमाशों के गिरोह ने आतंक मचाते हुए कई घरों की रेकी की। गिरोह की गतिविधियां क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश पहले चामटी खेड़ा स्थित एकलिंगपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने एक घर में घुसने का प्रयास किया। इसके अलावा अन्य मकानों पर भी टॉर्च की रोशनी डालकर चोरी की नीयत से मौके की तलाश की, लेकिन कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर वहां से भाग निकले।
इसके बाद गिरोह रूपनगर पहुंचा और एक सूने मकान को निशाना बनाया। उस समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ गोवा गए हुए थे। बदमाश घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें हथियारनुमा वस्तुएं लिए कई संदिग्ध बदमाश नजर आए। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








