मोहर्रम पर श्रद्धा के साथ निकला ताजियों का जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन और छबीलों से सजा शहर

SHARE:

Procession of Tazias taken out with reverence on Muharram in Chittorgarh; city adorned with *akhada* performances and *chhabils*.

चित्तौड़गढ़। पैगम्बरे इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ के नवासे इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की याद में मोहर्रम की 10वीं तारीख (आशूरा) पर चित्तौड़गढ़ शहर में परंपरागत ताजियों का जुलूस श्रद्धा, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ निकाला गया।

जुलूस में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के अकीदतमंद शामिल हुए, जबकि शहरभर में जगह-जगह छबीलें, शरबत और लंगर की व्यवस्था कर लोगों ने सेवा भाव का परिचय दिया।

शहर में परंपरा के अनुसार तीन प्रमुख ताजिए निकाले गए। पहला ताजिया चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र से, दूसरा इमामबाड़ा क्षेत्र से और तीसरा लोहार मोहल्ला क्षेत्र से रवाना हुआ। सुबह इमामबाड़ा और लोहार मोहल्ला से शुरू हुआ जुलूस कपड़ा बाजार, ढूंछा बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां दुर्ग क्षेत्र से आए ताजिए और लोहार मोहल्ला के ताजिए की पारंपरिक सलामी की रस्म अदा की गई।

इसके बाद तीनों ताजिए एक साथ मातमी धुनों, ढोल-नगाड़ों और “या हुसैन… या हुसैन” के नारों के बीच शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोल प्याऊ चौराहा पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में मौजूद अकीदतमंदों ने ताजियों पर नजराने पेश किए और इमाम हुसैन की शहादत को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जुलूस के दौरान युवाओं ने विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन करते हुए तलवारबाजी, लाठी और अन्य युद्धक कलाओं के हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्ग के दोनों ओर मौजूद रहे।

मोहर्रम के अवसर पर शहरभर में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से छबीलें लगाकर शर्बत, शीतल जल, बिस्कुट एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कई मुस्लिम धर्मावलंबियों ने आशूरा का रोजा रखकर इबादत की और कर्बला के शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

गोल प्याऊ चौराहे पर कुछ देर रुकने के बाद तीनों ताजियों को नदी किनारे स्थित कर्बला स्थल ले जाया गया, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताजियों को ठंडा किया गया। इसके साथ ही मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीएसपी ब्रजेश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम प्रजापत, सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह सहित विभिन्न थानों का पुलिस जाब्ता पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखकर यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें