आरती की शंख ध्वनी से गूंजा मैदान, 2100 दीपकों से सजी महाआरती

SHARE:

चित्तौड़गढ़, 29 सितंबर। महाराणा प्रताप सेतु मार्ग स्थित श्रीनाथ गार्डन में मेवाड़ महोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवरात्रि डांडिया महोत्सव जयकारा-2025 में रविवार की रात महाआरती का भव्य आयोजन हुआ। जैसे ही कोटा से आए पंडित नीरज जोशी के दल ने शंख और घड़ियाल बजाए, पूरा मैदान मानो मंदिर में बदल गया। 2100 दीपकों की जगमगाहट और भक्तिमय वातावरण ने हर चेहरे को श्रद्धा की रोशनी से भर दिया।

भक्ति और उत्साह का संगम

शहनाइयों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मां दुर्गा के नौ रूपों का सजीव अनुभव कराया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में हजारों श्रद्धालु मां आदिशक्ति का आव्हान कर रहे थे। आतिशबाजी से पूरा गगन गूंज उठा और दीपों की लयबद्ध ज्योति ने दृश्य को अलौकिक बना दिया।

अतिथियों का स्वागत

महाआरती एवं ग्रुप गरबा प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाडावत, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़, भामाशाह रामगोपाल सारीका जायसवाल, पूर्व चेयरमेन रमेशनाथ योगी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव आशा पोखरना और अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का उपरना व प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि जाड़ावत ने कहा कि “मेवाड़ महोत्सव समिति पिछले 25 वर्षों से पारंपरिक संस्कृति, नृत्य, गीत और संगीत को जीवंत रखे हुए है। यहां हर उम्र के लोग शक्ति और उत्साह के साथ गरबा सीखते और प्रस्तुत करते हैं।”

गरबा प्रतियोगिता में उत्साह

रविवार को आयोजित ग्रुप गरबा प्रतियोगिता में 30 ग्रुप्स ने भाग लिया। प्रथम स्थान: द गोल्डन विंग डांस ग्रुप, द्वितीय स्थान: नव दुर्गा ग्रुप, तृतीय स्थान: नृत्य शक्ति समूह। सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। निर्णायक के रूप में रुचिका सोनी, प्रियंका तलेसरा और राजश्री पुरोहित मौजूद रहीं।

सामाजिक संदेश और प्रसाद वितरण

कई श्रद्धालु ऑपरेशन सिंदूर और धरती पर हरियाली जैसे सामाजिक संदेश अपने परिधानों पर सजाकर आए। कार्यक्रम में 400 किलो सामे की खिचड़ी और 51 किलो मिश्री मावे का प्रसाद वितरित किया गया। बच्चों के लिए मिक्की माउस और फूड ज़ोन विशेष आकर्षण बने।

भारत की जीत पर गूंजे नारे

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही एशियाई कप में भारत की जीत की खबर आई, हजारों श्रद्धालु भारत माता की जय और भारत जिंदाबाद के नारों से गूंज उठे।

आने वाले आयोजन

मेवाड़ महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि के अंतिम दो दिनों में नॉन-स्टॉप ट्रेडिशनल और फ्रीस्टाइल गरबा रास का आयोजन होगा, जिसमें ढेरों प्रतियोगिताएं और पुरस्कार दिए जाएंगे।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Comment

और पढ़ें