Hindustan Zinc announces ₹80,000 crore investment in Rajasthan, creating over 2 lakh jobs
3 से 5 वर्षों में जिंक उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख टन और चांदी उत्पादन क्षमता 1,500 टन सालाना होगी, राजस्थान को हर वर्ष करीब ₹12,000 करोड़ अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद

चित्तौड़गढ़। वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए ₹80,000 करोड़ के बड़े निवेश की घोषणा की है। कंपनी के निदेशक मंडल ने इस निवेश को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी विस्तार योजना के तहत अगले 3 से 5 वर्षों में कंपनी अपनी धातु उत्पादन क्षमता को दोगुना करने की दिशा में काम करेगी। इससे राजस्थान को हर वर्ष लगभग ₹12,000 करोड़ अतिरिक्त राजस्व मिलने की संभावना है।
कंपनी की योजना के अनुसार जिंक उत्पादन क्षमता वर्तमान स्तर से बढ़ाकर 20 लाख टन प्रतिवर्ष की जाएगी, जबकि चांदी उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,500 टन सालाना हो जाएगी। इस विस्तार के बाद हिंदुस्तान जिंक वैश्विक धातु उद्योग में अपनी स्थिति और मजबूत करेगी तथा दुनिया की सबसे बड़ी जिंक और चांदी उत्पादक कंपनियों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
इस निवेश से राजस्थान में 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। साथ ही 500 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को भी विकास के नए अवसर मिलेंगे। वेदांता समूह अब तक राजस्थान में लगभग ₹1.5 लाख करोड़ का निवेश कर चुका है। प्रस्तावित ₹80,000 करोड़ का निवेश समूह की राज्य में अतिरिक्त ₹1 लाख करोड़ निवेश की योजना का हिस्सा है।
हिंदुस्तान जिंक भारत में जिंक, लेड और सिल्वर की सबसे बड़ी एवं एकमात्र एकीकृत उत्पादक कंपनी है। कंपनी के विस्तार में नए जिंक एवं लेड स्मेल्टर, सिल्वर रिफाइनरी और खदानों एवं मिलों की क्षमता बढ़ाने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा भविष्य की तकनीकों, खनिज अन्वेषण और सर्कुलर इकोनॉमी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कंपनी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में जिंक इंडस्ट्रियल पार्क भी विकसित कर रही है। इससे जिंक आधारित उद्योगों, बड़े निवेशकों, एमएसएमई और नए उद्यमियों को कारोबार के अवसर मिलेंगे। इस पार्क के माध्यम से हजारों नए रोजगार सृजित होने और स्थानीय औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि ‘हिंदुस्तान जिंक 2.0’ कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। राजस्थान में निवेश के साथ माइंस, मिलों और स्मेल्टर्स की क्षमता बढ़ाकर देश की औद्योगिक प्रगति में योगदान दिया जाएगा। इससे रोजगार सृजन, स्थानीय व्यवसायों और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को नई गति मिलेगी।
कंपनी ने सतत विकास को भी अपनी विस्तार योजना का प्रमुख हिस्सा बनाया है। वर्तमान में कंपनी की लगभग 27 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें नवीकरणीय स्रोतों से पूरी हो रही हैं, जिसे वित्त वर्ष 2028 तक 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी ने जल सकारात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने का दावा किया है।
हिंदुस्तान जिंक का यह निवेश राजस्थान को वैश्विक जिंक एवं चांदी उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल प्रदेश के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय उद्योगों, व्यापार, रोजगार और आर्थिक विकास को भी व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।














