A cunning fraudster who created fake IDs on matrimonial apps and trapped women in love traps has been arrested.
करीब 200 महिलाओं से चैट कर फंसाने का प्रयास, शादी का झांसा देकर पीड़िता से 70 हजार रुपये ठगने का आरोप

चित्तौड़गढ़, 12 नवंबर। सदर थाना पुलिस ने मैट्रिमोनियल ऐप पर अलग-अलग नामों से फर्जी आईडी बनाकर महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्वयं को कुंवारा और बड़े होटल-कैफे का संचालक बताकर महिलाओं को अपने प्रेमजाल में फंसाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल में करीब 200 महिलाओं से चैटिंग के साक्ष्य मिले हैं।
शादी का झांसा देकर 70 हजार रुपये ठगे
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 10 नवंबर को एक पीड़िता ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया कि एक व्यक्ति जीवनसाथी और मुस्लिम शादी मैट्रिमोनियल ऐप पर अलग-अलग नामों से आईडी बनाकर महिलाओं से शादी के नाम पर धोखाधड़ी करता है। आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर उससे करीब 70 हजार रुपये ऐंठ लिए।
खुद को कुंवारा और होटल-कैफे संचालक बताता था
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह के सुपरविजन में सदर थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सद्दाम उर्फ शानु उर्फ शान पुत्र इकबाल हुसैन निवासी भगवानपुरा, त्रिपुर्ती नगर, नीमच (मध्यप्रदेश), हाल इंदिरा कॉलोनी, भीमगंज मंडी, कोटा को डिटेन कर गिरफ्तार किया।
मोबाइल में मिली 200 से अधिक महिलाओं से चैटिंग
पुलिस के अनुसार आरोपी मैट्रिमोनियल ऐप पर अलग-अलग नामों से फर्जी प्रोफाइल बनाता था। इनमें स्वयं को कुंवारा और बड़े होटल व कैफे का संचालक बताकर नौकरीपेशा एवं अन्य महिलाओं को प्रभावित करता और शादी का भरोसा दिलाकर उनसे रुपये ऐंठता था। आरोपी के मोबाइल में जीवनसाथी, मुस्लिम शादी मैट्रिमोनियल ऐप और व्हाट्सऐप पर करीब 200 से अधिक महिलाओं से चैटिंग मिली है। पुलिस मामले में आगे अनुसंधान कर रही है।
पुलिस टीम: एसआईलादूलाल, कांस्टेबल बलवीर सिंह एवं मुकेश कुमार।












