1.25 लाख रुपये कीमत के गाय-बछड़े बरामद, आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा

चित्तौड़गढ़। भूपालसागर थाना पुलिस ने फलासिया खालसा गांव में गाय और बछड़ा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए गाय और बछड़े को बरामद कर लिया है। बरामद मवेशियों की कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, फलासिया खालसा निवासी किशनलाल जाट ने 7 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 18 सितंबर को जोधपुर के बिलाड़ा से दो गाय खरीदी थीं। इनमें से एक गाय और उसका बछड़ा उनके बाड़े में बंधे हुए थे। 7 अक्टूबर की सुबह बाड़े में पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और गाय-बछड़े गायब थे। अज्ञात बदमाश रात के समय मवेशियों को चोरी कर ले गए थे।
सीसीटीवी और तकनीकी अनुसंधान से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए भूपालसागर थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। मुखबिर सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कमलेश (26) पुत्र नंदलाल पालीवाल निवासी फलासिया खालसा तथा राजू (26) पुत्र माधवलाल जाट निवासी फलासिया खालसा को नामजद कर हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बाड़े का ताला तोड़कर अंदर घुसने और गाय-बछड़े की रस्सी काटकर चोरी करने की वारदात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के मवेशी बरामद कर लिए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में भूपालसागर थानाधिकारी रणजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक लालूराम, तेजमल, कांस्टेबल अनिल कुमार (नंबर 422), राजमल (नंबर 729) और माधवलाल (नंबर 327) की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल अनिल कुमार की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशों पर चोरी, लूट, डकैती एवं नकबजनी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती का निर्देशन रहा।
यह खबरें भी पढ़ें…





