Underwear gang busted in Chittorgarh, one accused arrested from Madhya Pradesh

चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र की कबीर कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए कच्छा-बनियान गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। डीएसटी और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के गुना जिले से आरोपी अक्षय पारदी (28) को पकड़ा। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को नामजद किया है।
26 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे कबीर कॉलोनी निवासी सागर गांधी के मकान में पांच नकाबपोश चोर घुसे थे। चोरों ने ग्राउंड फ्लोर की रसोई की खिड़की तोड़कर मकान में प्रवेश किया और प्रथम मंजिल की अलमारी का ताला तोड़कर करीब 40-50 हजार रुपये के सिक्के चोरी कर लिए। वारदात के दौरान घर में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे मौजूद थे। आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे को मोड़कर काट दिया था।
पुलिस ने घटना के बाद आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ आसूचना तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद अक्षय पारदी पिता लाल सिंह पारदी, निवासी मुरादपुर मजरानिया, थाना धरावदा, जिला गुना (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
चड्डी-बनियान में वारदात, दूर जाकर पहनते थे कपड़े
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान चड्डी-बनियान पहनकर रहते थे, जबकि पैंट-शर्ट कमर पर बांधकर रखते थे। घटना के बाद कुछ दूरी पर जाकर पैंट-शर्ट पहन लेते थे, ताकि CCTV फुटेज में उनकी पहचान करना मुश्किल हो। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं और मामले में चार आरोपी नामजद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता









