चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती, 8 साल बाद पहली FIR से मचा हड़कंप

SHARE:

Strict action against illegal constructions at Chittorgarh Fort; first FIR after 8 years creates stir

चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 219 अतिक्रमण चिन्हित, पहली FIR दर्ज

चित्तौड़गढ़, 11 जून। विश्व धरोहर में शामिल चित्तौड़गढ़ दुर्ग क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों पर अब प्रशासन और पुरातत्व विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। लंबे समय से चल रही कार्रवाईहीनता के बाद पहली बार अवैध निर्माण के मामले में एफआईआर दर्ज होने से दुर्ग क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों और व्यावसायिक गतिविधियों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार संरक्षित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण, मरम्मत और व्यावसायिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं, इसके बावजूद वर्षों से कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी की जा रही थी।

219 अतिक्रमण और अवैध निर्माण चिन्हित

पुरातत्व विभाग द्वारा किए गए सर्वे में दुर्ग क्षेत्र में करीब 219 अतिक्रमण और अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। इनमें होटल, रेस्टोरेंट, होम-स्टे, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अलावा कई पक्के मकान भी शामिल बताए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि इन सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने हाल ही में दुर्ग क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि विश्व धरोहर की मूल संरचना और ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

प्राकृतिक जल प्रवाह भी हुआ प्रभावित

रिपोर्ट के अनुसार दुर्ग की ऐतिहासिक बावड़ियों और जल संरचनाओं तक पहुंचने वाले प्राकृतिक जल प्रवाह को भी कई स्थानों पर अवरुद्ध कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो दुर्ग की ऐतिहासिक जल संरक्षण प्रणाली को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

केंद्र स्तर तक पहुंचेगा मामला

सूत्रों के अनुसार पुरातत्व विभाग ने पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी है। आगामी दिनों में केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के निर्देशों के बाद बड़े पैमाने पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

चित्तौड़गढ़ दुर्ग, Chittorgarh Fort News, अवैध निर्माण, अतिक्रमण, World Heritage Site, ASI Action, Chittorgarh Encroachment, Rajasthan News, Chittorgarh Fort Encroachment, District Administration

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment