ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत निकुंभ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आलीशान मकान सहित चार वाहन जब्त

SHARE:

Nikumbh police station takes major action under Operation Trinetra, seizes four vehicles along with a luxurious house
चित्तौड़गढ़, 6 जून। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत निकुंभ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में संलिप्त तस्कर रतनलाल जाट की लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध रूप से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली से स्थायी अनुमोदन मिलने के बाद आरोपी के मकान सहित चार वाहनों को फ्रीज किया गया।


जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में निकुंभ थाना पुलिस ने तस्कर रतनलाल पुत्र जमनालाल जाट निवासी उठेल, थाना निकुंभ के विरुद्ध दर्ज विभिन्न एनडीपीएस प्रकरणों की जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ उदयपुर के डबोक, सिरोही के रेवदर, बाड़मेर के गुड़ामालानी तथा चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। तस्करी से अर्जित आय से उसने पिंड पटवार हल्का क्षेत्र में आलीशान मकान बनाया तथा अपने पुत्र राजमल के नाम पर स्कॉर्पियो, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और स्कूटी खरीदी।
पुलिस ने 4 मई 2026 को संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (SAFEM-FOPA एवं NDPS Act) को भेजा था। सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी के मकान और चारों वाहनों को स्थायी रूप से फ्रीज करने के आदेश जारी किए। फ्रीज की गई संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब एक करोड़ रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामसिंह, हेड कांस्टेबल उगमाराम तथा कांस्टेबल योगेश, प्रहलाद, थानसिंह, सूर्यपाल एवं टंवरसिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Comment