A half-naked body of a young woman was found in the bushes near Gomukh Falls, sparking a sensation due to the possibility of murder.

चित्तौड़गढ़, 5 जून। चित्तौड़गढ़ दुर्ग की तलहटी स्थित गोमुख झरने के समीप शुक्रवार सुबह एक युवती का अर्धनग्न शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह नरेगा श्रमिक “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत पौधारोपण के लिए झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पाड़नपोल झरने की ओर जाने वाले मार्ग पर दुर्गंध आने पर श्रमिकों ने आसपास तलाश की, जहां झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था तथा मृतका की टी-शर्ट चेहरे की ओर खींची हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया। मौके पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक ब्रजेश सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं जवान पहुंचे।
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि दुष्कर्म सहित अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








