चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं डूंगला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायती राज जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

ज्ञापन में सहकारिता राज्य मंत्री एवं बड़ीसादड़ी विधायक गौतम कुमार दक पर पुलिसकर्मियों के साथ कथित गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इस घटना से पुलिस विभाग की गरिमा प्रभावित हुई है तथा प्रदेशभर के पुलिसकर्मियों में नाराजगी का माहौल है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ीसादड़ी क्षेत्र में कथित रूप से डाले गए जिंक अपशिष्ट एवं अन्य औद्योगिक कचरे का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में क्षेत्र से समस्त जिंक अपशिष्ट को तत्काल हटाने, पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रदूषण से पर्यावरण, कृषि भूमि, भूजल, पशुधन और आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

इसके अलावा पुलिस अधीक्षक को भी अलग से ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें राज्य मंत्री गौतम कुमार दक पर एक पुलिसकर्मी के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया, मंत्री गौतम दक के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन से दोनों मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी एवं क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







