अरबन बैंक ने मनाया 25वां स्थापना दिवस, रजत जयंती महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

SHARE:

अरबन बैंक ने मनाया 25वां स्थापना दिवस, रजत जयंती महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

चित्तौड़गढ़। जिले के सहकारिता क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुके चित्तौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने शुक्रवार को अपना 25वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया।

शहर के इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित रजत जयंती गौरव महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक खाताधारकों और शहरवासियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी सहित अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। बैंक प्रबंधन की ओर से अतिथियों का साफा, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल कटारिया ने कहा कि किसी भी सहकारी संस्था के लिए 25 वर्षों तक विश्वास बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली और जनता के बीच उसकी विश्वसनीयता की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ने स्थानीय व्यापारियों, मध्यम वर्ग और आमजन को आर्थिक रूप से मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बैंक की विकास यात्रा को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में ग्राहकों का भरोसा जीतना आसान नहीं होता, लेकिन अरबन बैंक ने सेवा और पारदर्शिता के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया एवं प्रबंध निदेशक वंदन वजीराणी ने बताया कि 25 वर्ष पहले छोटे स्तर से शुरू हुआ बैंक आज करोड़ों रुपए के कारोबार और मजबूत नेटवर्क के साथ जिलेवासियों की पहली पसंद बन चुका है। बैंक ने सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी लगातार योगदान दिया है।

महोत्सव के दौरान बैंक की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी गई तथा संस्थापक सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों, उत्कृष्ट कर्मचारियों और खाताधारकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में बैंक प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

यह खबरें भी पढ़ें…

 

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment