ऑटो पार्ट्स की दुकान से सवा लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

SHARE:

1.25 lakh rupees stolen from auto parts shop, thief caught on CCTV
चित्तौड़गढ़। सदर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक ऑटो पार्ट्स की दुकान को निशाना बनाकर चोर ने सवा लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना भीलवाड़ा बाइपास स्थित नाकोड़ा ऑटोमोबाइल की है, जहां अज्ञात चोर ने शटर की लॉक क्लिप तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।


दुकान मालिक अर्पित वीरानी ने बताया कि शनिवार रात रोज़ की तरह दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति दुकान के बाहर पहुंचा और शटर के ताले के पास लगी क्लिप तोड़कर अंदर घुस गया। दुकान में अंधेरा होने के कारण चोर ने मोबाइल फोन की लाइट जलाकर चोरी की, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है।
चोर ने पहले दुकान के आगे रखे ड्रॉअर को तोड़ा, जिसमें करीब 15 से 16 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके बाद वह दुकान के पीछे की ओर गया और वहां रखे एक अन्य ड्रॉअर को तोड़कर उसमें रखे करीब एक लाख 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि दुकान में मौजूद महंगे ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप को चोर ने हाथ तक नहीं लगाया।
रविवार सुबह जब दुकान का स्टाफ पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर ड्रॉअर टूटे हुए थे और नकदी गायब थी। सूचना मिलने पर दुकान मालिक अर्पित वीरानी परिवार सहित मौके पर पहुंचे और सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। थाने के एएसआई हीरालाल ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली गई है तथा अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह खबरें भी पढ़ें

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें