प्रॉपर्टी विवाद ने लिया हिंसक रूप, आराधना होटल के बाहर फायरिंग

SHARE:

• ड्राइवर पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर घायल

• होटल मालिक के गार्ड की फायरिंग से युवक जांघ में घायल

• 9 लोग हिरासत में, जांच जारी

चित्तौड़गढ़।  शहर के जिला चिकित्सालय के सामने स्थित आराधना होटल के बाहर शनिवार देर रात प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आराधना होटल के मालिक भंवर सिंह नरधारी और उनके पुत्र वी.पी. सिंह के बीच लंबे समय से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार रात वी.पी. सिंह अपने दो साथियों के साथ होटल पहुंचा, जहां होटल स्टाफ से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और होटल परिसर में तोड़फोड़ भी की गई।

धारदार हथियार से हमला, ड्राइवर घायल

मारपीट के दौरान वी.पी. सिंह द्वारा कथित तौर पर धारदार हथियार से होटल में कार्यरत ड्राइवर चमकोर सिंह के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए और भर्ती किया गया।

सुरक्षा गार्ड की फायरिंग

स्थिति बिगड़ती देख होटल मालिक के सुरक्षा गार्ड ने हस्तक्षेप किया और लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली वी.पी. सिंह की जांघ में लगी और आर-पार निकल गई। घायल को पहले निजी अस्पताल और बाद में जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां से उसे उदयपुर रेफर किया गया।

अस्पताल में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थानों का जाप्ता अस्पताल पहुंचा। दोनों पक्षों के समर्थकों के अस्पताल पहुंचने पर फिर से तनाव की स्थिति बन गई। शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस जांच जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाला सुरक्षा गार्ड पूर्व सैनिक है और उसने आत्मरक्षा में गोली चलाने की बात कही है। पुलिस दोनों पक्षों से रिपोर्ट लेकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल उदयपुर में भर्ती युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें