सिख समाज ने शहीदी सप्ताह पर निकाला भव्य नगर कीर्तन

चित्तौड़गढ़। सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार द्वारा धर्म और मानवता की रक्षा हेतु दिए गए सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में शुक्रवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। शहीदी सप्ताह के तहत निकाले गए इस नगर कीर्तन में सिख समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य धर्मप्रेमी नागरिक भी शामिल हुए।
नगर कीर्तन का शुभारंभ गोरा बादल स्टेडियम में अरदास के साथ हुआ। इसके पश्चात पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी साहिब को पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। नगर कीर्तन गोरा बादल स्टेडियम से प्रारंभ होकर गोलप्याऊ चौराहा, सुभाष चौक, रोडवेज बस स्टैंड के सामने से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट चौराहा पहुंचा। फ्लाईओवर होते हुए यह विशाल जुलूस प्रतापनगर स्थित गुरुद्वारे पहुंचा, जहां विशेष कीर्तन और अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
नगर कीर्तन का प्रमुख आकर्षण पंजाब से आए प्रसिद्ध बीर-खालसा अखाड़े की प्रस्तुति रही। अखाड़े के कलाकारों ने तलवारबाजी, गटका और अन्य साहसिक करतबों का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। इन शौर्य प्रदर्शन ने गुरु गोबिंद सिंह जी की खालसा फौज की वीरता की याद दिला दी।
पूरे मार्ग में कौमी एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और क्षेत्रवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया। “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के गगनभेदी जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता








