इंस्टाग्राम पर भजन गाकर वादे की याद दिलाना पड़ा भारी, हमले में टूटी दोनों टाँगें

SHARE:

कपासन में गंदी राजनीति का शिकार बना युवक, विधायक पर गंभीर आरोप

चित्तौड़गढ़। जिले के कपासन विधानसभा क्षेत्र में राजनीति से जुड़े एक गंभीर मामले ने जोर पकड़ लिया है। स्थानीय निवासी सूरज माली नामक युवक, जो लंबे समय से कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर को चुनावी वादे निभाने की याद इंस्टाग्राम पर गीत और भजन गाकर दिला रहा था, सोमवार को जानलेवा हमले का शिकार हो गया। इस हमले में उसकी दोनों टांगें बुरी तरह से टूट गईं। मामले में आक्रोशित लोगों ने विधायक पर ही सीधे तौर पर आरोप लगाए हैं और घटना को लेकर राजनीति गरमा गई है।

चुनावी वादे पर उठाई थी आवाज:

सूत्रों के अनुसार कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, जो अब तक पाँच बार विधानसभा पहुँच चुके हैं, ने पिछले विधानसभा चुनाव में जनता से वादा किया था कि कपासन के राजराजेश्वर तालाब और धमाणा क्षेत्र में पानी लाया जाएगा। लेकिन लगभग ढाई साल गुजर जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
झूठे वादों से तंग आकर सूरज माली ने इंस्टाग्राम पर अपनी आईडी के माध्यम से भजन और गीत गाकर विधायक को बार-बार याद दिलाना शुरू कर दिया। अपनी reels में वह सीधे विधायक अर्जुन लाल जीनगर का नाम लेते हुए उनसे जनता से किए वादे निभाने की अपील करता रहा।

धमकियों के बाद हुआ हमला:

घायल युवक सूरज माली के अनुसार उसे पहले से ही धमकियां मिल रही थीं कि इंस्टाग्राम पर विधायक का नाम लेकर रील न बनाए। बावजूद इसके वह जनता की समस्या उठाता रहा। सोमवार को जब वह फैक्ट्री से लौट रहा था, तभी गोरा जी का निंबाड़ा के पास अज्ञात कार सवार पाँच लोगों ने गाड़ी आड़े लगाकर रोक लिया और लाठी-डंडों व सरियों से उस पर बर्बर हमला कर दिया।
हमले में उसकी दोनों टांगों की हड्डियां टूट गईं। उसे पहले कपासन के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से चित्तौड़गढ़ और बाद में गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया।

जनता में आक्रोश, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन:

घटना के बाद कपासन नगर और माली समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। सर्वसमाज ने मिलकर विरोध प्रदर्शन किया और मंगलवार को कैंडल मार्च निकालकर दोषियों की गिरफ्तारी की माँग की।
आंदोलन को कांग्रेस ने भी समर्थन दे दिया है, जिससे यह मामला और ज्यादा राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।

विधायक पर मामला दर्ज, पुलिस जांच जारी:

स्थानीय लोगों और घायल युवक के बयान के बाद पुलिस ने कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जनता में गहराया असंतोष:

पाँच बार विधायक रह चुके अर्जुन लाल जीनगर पर लगे इस आरोप ने कपासन क्षेत्र की राजनीति को हिला दिया है। जनता अब खुलेआम सवाल उठा रही है कि आखिर कब तक चुनावी वादों को निभाने के बजाय आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश की जाएगी।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Comment

और पढ़ें