चित्तौड़गढ़: हज़रत दीवाना शाह साहब र.अ. के 84वें उर्स का भव्य आगाज़, हजारों जायरीन हुए शामिल

SHARE:

कपासन, 01 अगस्त । चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन कस्बे में सूफी संत हज़रत दीवाना शाह साहब र.अ. के 84वें तीन दिवसीय उर्स का आगाज़ आज हज़रत ख्वाजा गरीब नवाज़ र.अ. की छठी शरीफ की महफिल से हुआ। इस मौके पर हजारों अकीदतमंदों ने जुम्आ की नमाज़ अदा की और दरगाह में हाज़िरी लगाई।

दरगाह वक्फ कमेटी के सचिव मोहम्मद अब्बास अशरफी ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 9 बजे शाही महफिलखाने में हुआ, जहां औलिया मस्जिद के पेश इमाम मौलाना अंसारूल हक ने तिलावत-ए-कलाम पेश किया। इसके बाद दीवाना मीलाद पार्टी द्वारा महफिल-ए-मीलाद और सलातो सलाम का आयोजन किया गया। हाफिजो और कारी शाकीर अशरफी ने फातिहा पढ़ी।

इस मौके पर राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से आईं लगभग 35 कव्वाल पार्टियों ने सूफियाना कलाम पेश करते हुए महफिल को रूहानी रंग से भर दिया। उदयपुर के राज बैंड ने पारंपरिक अंदाज में सलामी दी, वहीं भीलवाड़ा, गगरार, जावद और स्थानीय हुसैनी बैंड ने भी सलामी में भाग लिया। उर्स के साथ ही जायरीन की आमद और चादर पेश करने का सिलसिला शुरू हो गया है।

 

उर्स के दौरान सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। दरगाह परिसर में अस्थाई पुलिस चौकी, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डिस्पेंसरी, फायर ब्रिगेड की 24 घंटे सेवा जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। तीन थानों के थानाधिकारी और पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाप्ता भी तैनात है।

 

मेला ग्राउंड में 700 से अधिक दुकानें, झूले, डोलर, चकरी आदि सज चुके हैं। दरगाह वक्फ कमेटी की ओर से 100 सुरक्षा गार्ड और 150 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं, जो दरगाह के भीतर और बाहर व्यवस्था संभाल रहे हैं। लंगरखाना में दोनों वक्त लंगर वितरित किया जा रहा है। परिसर में टेंट, लाइटिंग और सजावट के साथ छाया-पानी की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

 

दरगाह वक्फ कमेटी के सदर अनवर अहमद छीपा ने बताया कि शनिवार को ईशा की नमाज के बाद कव्वाली की विशेष महफिल होगी, वहीं रविवार सुबह देग का खाना वितरित किया जाएगा। प्रातः 8 बजे कुल की महफिल प्रारंभ होगी और जोहर की अजान से पहले कुल की फातिहा व छींटे के साथ उर्स का समापन होगा। सोमवार को आम जायरीन के लिए मजार के पट खोले जाएंगे।

 

गुरुवार सांयकाल चित्तौड़गढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने दरगाह परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान दरगाह कमेटी के नायब सदर हाजी मुबारिक शेख, सदस्य सैयद अख्तर अली बुखारी, अशफाक तुर्किया, इरफान सिलावट, वाहिद अशरफी और असलम शेख ने उनका स्वागत शॉल और श्रीफल भेंट कर किया। मौके पर डीवाईएसपी हरजी लाल यादव और सीआई रतन सिंह भी मौजूद रहे।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें