Golden Jubilee of 1969-76 batch celebrated at Sainik School Chittorgarh, alumni presented four horses

50 साल बाद फिर मिले पुराने साथी, शिक्षकों का किया सम्मान; शहीदों को दी श्रद्धांजलि
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में सोमवार को वर्ष 1969-76 बैच के पूर्व छात्रों का स्वर्ण जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। शंकर मेनन सभागार में आयोजित समारोह में पूर्व छात्रों ने पुरानी यादें साझा कीं और विद्यालय के प्रति अपने जुड़ाव को फिर से जीवंत किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व शिक्षक डी.एल. सुरेडिया तथा विशिष्ट अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्य ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों को विद्यालय की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। सभी ने स्मृतिका पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं स्कूल स्टाफ का अभिनंदन किया। ब्रिगेडियर आर.के. राजपूत और शैलेन्द्र विजयवर्गीय ने भी अपने छात्र जीवन की यादें साझा की।
पूर्व छात्रों ने विद्यालय को भेंट किए चार अश्व
स्वर्ण जयंती बैच 1969-76 के पूर्व छात्रों ने कैडेट्स के प्रशिक्षण एवं उपयोग के लिए विद्यालय को चार अश्व भेंट किए। इस पहल को विद्यालय के प्रति उनके समर्पण और भावी पीढ़ी के विकास में योगदान के रूप में देखा गया। समारोह के अंत में प्राचार्य ने पूर्व छात्रों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्कूल कैप्टन मधुसुदन सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन कैडेट जैनम टांक ने किया।
इस अवसर पर मेजर जनरल विनोद कुमार, कर्नल सतबीर सिंह, कर्नल सुनील लव, कर्नल अनिल पोटे, कैप्टन प्रीतम सिंह, कर्नल सुरिंदर पाल सिंह, कर्नल सज्जाद अली सहित गोल्डन जुबली बैच के पूर्व छात्र एवं विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक उपस्थित रहे।
यह खबरें भी पढ़ें…







