आदित्य सीमेंट की स्टाफ कॉलोनी में लाखों की चोरी, सोने-चांदी के आभूषण व 50 हजार नकद ले गए चोर

SHARE:

Lakhs-Worth of Gold and Silver Jewellery Stolen from Aditya Cement Staff Colony, Thieves Also Take ₹50,000 in Cash

चित्तौड़गढ़/शंभूपुरा 15 सितंबर ।  आदित्य सीमेंट वर्क्स की स्टाफ कॉलोनी आदित्यपुरम में चोरों ने एक क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपए नकद व अन्य सामान चोरी कर लिया। परिवार के वापस पहुंचने पर वारदात का पता चला। घटना को लेकर शंभूपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाउस नंबर ई-33/2 निवासी सैयद सीमी अली पत्नी सैयद राहिल अली ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह शनिवार शाम करीब 7:30 बजे क्वार्टर पर ताला लगाकर परिवार के साथ चित्तौड़गढ़ स्थित आवास पर गई थीं। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह चित्तौड़गढ़ से सीधे आदित्यपुरम अस्पताल ड्यूटी पर पहुंचीं। दोपहर करीब 1:20 बजे सिक्योरिटी गार्ड ने फोन कर क्वार्टर का ताला टूटे होने की सूचना दी।

सूचना पर जब वे क्वार्टर पहुंचीं तो बाहर सिक्योरिटी कर्मचारी मौजूद थे। घर के अंदर अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने की बड़ी चेन, पेंडल वाली चेन, मंगलसूत्र जैसी चेन, लॉकेट, तीन अंगूठियां, बच्चों के सोने के ब्रेसलेट, कानों के इयररिंग, सोने की चूड़ियां, नेकलेस, कानों की लॉन्ग सहित कई आभूषण गायब मिले। इसके अलावा चांदी की पायल, ब्रेसलेट, बच्चों के चांदी के कड़े सहित अन्य चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपए नकद भी चोरी होने की जानकारी सामने आई। चोर बच्चों के खिलौने व कपड़े भी ले गए।

घर में बिखरा हुआ सामान।

 

बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात से पहले दो अन्य क्वार्टरों में भी घुसने का प्रयास किया। एक क्वार्टर खाली होने तथा दूसरे में किसी व्यक्ति की आवाज आने पर वहां से चोर लौट गए। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और स्कूल की दीवार फांदकर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर शंभूपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस कॉलोनी में लगे सुरक्षा इंतजामों और आसपास के संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर चोरों का सुराग तलाश रही है।

हाई सिक्योरिटी वाली स्टाफ कॉलोनी में चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलोनी में बाहरी लोगों के प्रवेश पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चोरों के अंदर पहुंचकर वारदात को अंजाम देने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

यह खबरें भी पढ़ें…

चित्तौड़गढ़ नगर निकाय चुनाव 2026: 6 निकायों में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, जानिए किस निकाय में किसका बोर्ड बनेगा

 

नगर परिषद चुनाव परिणाम: भाजपा को पूर्ण बहुमत, 33 वार्डों में जीत: कांग्रेस 23 और निर्दलीय 4 विजयी

 

Leave a Comment