District Collector Dr. Manju inspected urban and rural camps and distributed leases to beneficiaries.

चित्तौड़गढ़, 12 जून। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शहरी एवं ग्रामीण विकास शिविरों का शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 4 तक आयोजित शहरी शिविर तथा चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की एराल ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा आमजन की समस्याओं के समाधान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के कार्य को संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए।
डॉ. मंजू ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने बच्चों को आहार खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया। पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बीनू देवल, यूआईटी सचिव कैलाश चन्द्र गुर्जर, तहसीलदार विपिन चौधरी, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
यह खबरें भी पढ़ें…
चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती, 8 साल बाद पहली FIR से मचा हड़कंप
किसान नेता स्व. राजेश पायलट को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
12 जून से शुरू होंगे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर, मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित 14.40 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई
फायरिंग और हत्या के प्रयास मामले में दो साल से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता









