जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बड़ीसादड़ी में संभाली मोर्चा, अपशिष्ट निस्तारण पर बनी सहमति, अनशन समाप्त

SHARE:

District Collector Dr. Manju took charge in Badrisaddi, consensus reached on waste disposal, hunger strike ends

बड़ीसादड़ी, 11 जून। अपशिष्ट पदार्थ एवं मलवा निस्तारण की समस्या को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बड़ीसादड़ी क्षेत्र का दौरा कर मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, हिंदुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों एवं संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समस्या के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की।

जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपशिष्ट पदार्थ एवं मलवा हटाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।

बैठक के दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ सकारात्मक चर्चा एवं सहमति बनने के बाद आंदोलनरत सदस्यों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने अनशनरत सदस्यों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रशासन के सकारात्मक प्रयासों पर जिला कलक्टर का आभार भी व्यक्त किया।

जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर संवाद और समन्वय की भावना से कार्य करता रहेगा।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार, हिंदुस्तान जिंक के अधिकारी तथा संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

यह खबरें भी पढ़ें...

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment