Illegal assets worth Rs 14.40 lakh earned through drug trafficking frozen, major action under Operation Trinetra

चित्तौड़गढ़, 11 जून। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कनेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के आरोपी प्रकाश बंजारा की 14 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कराया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में कनेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि कनेरा थाना क्षेत्र के गुन्दारेल निवासी प्रकाश पुत्र रामलाल बंजारा के विरुद्ध अजमेर जिले के सदर नसीराबाद थाना सहित कनेरा एवं बिजयपुर थानों में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस जांच में आरोपी द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से पटवार हल्का निम्बोदा की चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर आलीशान मकान निर्माण करना पाया गया।
पुलिस ने 11 मई 2026 को उक्त संपत्ति को फ्रीज करने का प्रस्ताव COMPETENT AUTHORITY & ADMINISTRATOR SAFEM (FOP) A&NDPS ACT, नई दिल्ली को भेजा था। सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा मकान को स्थायी रूप से फ्रीज करने की अनुमति प्रदान की गई। इसके बाद 14.40 लाख रुपये मूल्य की उक्त संपत्ति को विधिवत फ्रीज कर दिया गया।
कार्रवाई में थानाधिकारी महेन्द्र सिंह, एएसआई बालमुकंद, अनिल, सुरेश, मंचाराम, अबरार एवं गोकुल की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम अथवा नारकोटिक्स हेल्पलाइन 94604-25643 पर दें।
यह खबरें भी पढ़ें…
Author: Ilyas
पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता







