6 माह पुराने एनडीपीएस मामले में वांछित डोडाचूरा सप्लायर गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई

SHARE:

6 माह पुराने एनडीपीएस मामले में वांछित डोडाचूरा सप्लायर गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई

चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह माह पुराने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित चल रहे डोडाचूरा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को नाकाबंदी के दौरान एक कार से दो कट्टों में भरा कुल 44 किलो 300 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया था। मामले में मादक पदार्थ परिवहन कर रही कार के आगे एस्कॉर्टिंग कर रही ब्रेजा कार को भी जब्त किया गया था। उस दौरान तस्करी एवं एस्कॉर्टिंग में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि डोडाचूरा सप्लायर फरार चल रहा था।

पुलिस ने लगातार तलाश और तकनीकी अनुसंधान के बाद वांछित आरोपी दिनेशचन्द्र पुत्र रामेश्वरलाल धाकड़ (31) निवासी भगवानपुरा (कालिया तलाई), थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे जब्त मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें