काली थार ने मारी बालिका को टक्कर, हंगामे के बाद तीन थार जब्त, प्राइवेट वाहनों को चला रहे थे किराए पर

SHARE:

काली थार ने मारी बालिका को टक्कर, हंगामे के बाद तीन थार जब्त, प्राइवेट वाहनों को चला रहे थे किराए पर

चित्तौड़गढ़, 29 मई। शहर में निजी वाहनों को अवैध रूप से किराए पर चलाने का मामला गुरुवार रात उस समय सामने आया जब एक काले रंग की थार जीप ने घर के बाहर टहल रही एक बालिका को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद घायल बालिका को परिजनों ने उपचार के लिए एमपी बिरला हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं कुछ जागरूक लोगों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक काले रंग की थार जीप बालिका को टक्कर मारते हुए दिखाई दी।

जांच के दौरान लोगों ने थार जीप की पहचान कर शहर के फुव्वारा चौक स्थित “श्री श्याम” नामक ऑफिस तक पहुंच बनाई, जहां एक अंधेरी गली में वही क्षतिग्रस्त थार खड़ी मिली। इसके बाद घायल बालिका के परिजन और स्थानीय लोगों ने ऑफिस के बाहर जमकर हंगामा किया।

सूचना पर सदर थाना पुलिस के एसआई तुलसीराम एवं एएसआई अमर सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा ऑफिस संचालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका एक दोस्त थार जीप को सेल्फ ड्राइव के लिए लेकर गया था और बाद में ऑफिस के पास खड़ी कर चला गया। उसे हादसे की जानकारी नहीं होने की बात कही गई।

मौके पर मौजूद लोग आरोपी युवक को तत्काल बुलाने की मांग पर अड़ गए। बाद में युवक के पिता को ऑफिस बुलाया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने टक्कर मारने वाले युवक के पिता एवं ऑफिस संचालक युवक को हिरासत में लिया। साथ ही ऑफिस के बाहर खड़ी तीन काले रंग की थार जीपों को भी जब्त कर थाने ले जाया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।

घटना के बाद शहर में निजी वाहनों को अवैध रूप से किराए पर चलाने और सेल्फ ड्राइव पर देने के कारोबार को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें