खेत में उगाए गए 129 गांजे के पौधे जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कपासन थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चित्तौड़गढ़, 20 अप्रैल। जिले की कपासन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 129 गांजे के हरे पौधे, सुखाए हुए पौधे तथा तैयार गांजा जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के निर्देशन में कपासन थाना प्रभारी मनीष शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि उचनार खुर्द निवासी धनराज पिता भगवान जटिया ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रखे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान खेत में 129 हरे गांजे के पौधे पाए गए। पुलिस ने कुछ पौधों को काटकर सुखाया हुआ भी बरामद किया। इसके अलावा आरोपी द्वारा खेत में ही तैयार किए गए सूखे गांजे की दो छोटी पुड़िया भी मिलीं।

पुलिस ने मौके से कुल 16.42 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे, 6.90 किलोग्राम सूखे पौधे तथा 71 ग्राम तैयार गांजा जब्त किया। आरोपी धनराज जटिया को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच जारी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment