सीट बेल्ट चालान विवाद: महिला जीप के नीचे आने से बची, VIDEO वायरल होने पर ASI लाइन हाजिर

SHARE:

चित्तौड़गढ़ में सीट बेल्ट चालान पर विवाद, हाईवे पर पुलिस-कार सवारों में झड़प; महिला बाल-बाल बची,

सीट बेल्ट चालान विवाद: महिला जीप के नीचे आने से बची, VIDEO वायरल होने पर ASI लाइन हाजिर

चित्तौड़गढ़। मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में सीट बेल्ट चालान को लेकर हुआ विवाद और ज्यादा गंभीर हो गया, जब हंगामे के दौरान एक महिला पुलिस जीप के नीचे आने से बाल-बाल बच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ASI को लाइन हाजिर कर दिया।

• महिला ने पुलिस जीप का गेट पकड़ रखा था

हंगामे के दौरान ड्राइवर के परिजनों में शामिल एक महिला पुलिस जीप का गेट पकड़कर खड़ी हो गई और उसे बंद नहीं करने दे रही थी। महिला जोर-जोर से चिल्ला रही थी। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति ने जीप चालक से चाबी छीनने की कोशिश की, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उस व्यक्ति को मौके से हटाया।

• धक्का लगने से महिला गिरी, जीप आगे बढ़ गई

पुलिस द्वारा महिला को गेट से हटाने की कोशिश के दौरान उसे धक्का लग गया। उसी समय पुलिस जीप आगे बढ़ गई, जिससे महिला संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ी। गनीमत रही कि वह जीप के पहियों के नीचे आने से बच गई। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

• VIDEO सामने आते ही ASI लाइन हाजिर

घटना का वीडियो सामने आने के बाद एसपी मनीष त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर मंगलवाड़ थाने में तैनात ASI प्रेमचंद को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

• पुलिस का पक्ष: सड़क सुरक्षा के लिए हो रही थी कार्रवाई

मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही थी। नियमों के उल्लंघन के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, इसलिए सख्ती जरूरी है। उनके अनुसार ड्राइवर ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी और पुलिस कार्रवाई को लेकर हंगामा करने लगा।

• जानबूझकर नुकसान पहुंचाने से इनकार

थानाधिकारी ने कहा कि महिला जीप का गेट पकड़कर खड़ी थी, जिससे उसे चोट लगने की आशंका थी। इसी कारण उसे हटाया जा रहा था। उसी दौरान गाड़ी चल पड़ी और महिला गिर गई। पुलिस का दावा है कि किसी को जानबूझकर नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

• थाने में समझाइश के बाद मामला शांत

घटना के बाद एक परिजन द्वारा पुलिसकर्मी से हाथापाई की कोशिश भी की गई, जिसके बाद सभी को थाने लाया गया। थाने में समझाइश के बाद परिजन शांत हो गए और अपनी गलती भी मानी। इसके बाद सभी को थाने से रवाना कर दिया गया।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन वीडियो व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

यह खबरें भी पढ़ें…

Ilyas
Author: Ilyas

पिछले 10 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता

Leave a Comment

और पढ़ें