चित्तौड़गढ़ में मीरा महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में 4 से 6 अक्टूबर तक तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन

SHARE:

चित्तौड़गढ़, 1 अक्टूबर। मीरा स्मृति संस्थान, चित्तौड़गढ़ द्वारा 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मीरा महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम दौर में पहुँच गई हैं। बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में महोत्सव की रूपरेखा घोषित की गई।

संस्थान अध्यक्ष अनिल शिशोदिया ने बताया कि संस्थान पिछले 35 वर्षों से निरंतर इस महोत्सव का आयोजन करता आ रहा है। इसका उद्देश्य संत शिरोमणि मीरा बाई के जीवन दर्शन, साहित्य और भक्ति को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा चित्तौड़गढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

संस्थान के संरक्षक एस.एन. समदानी ने कहा कि महोत्सव विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ भव्य रूप से संपन्न होगा।

4 अक्टूबर, शाम 7:30 बजे – उद्घाटन सत्र एवं कवि सम्मेलन। मुख्य अतिथि सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक, अध्यक्षता सांसद सी.पी. जोशी। देश के विख्यात कवि डॉ. विष्णु सक्सेना, बुद्धि प्रकाश दाधिच, गोविंद राठी, मुन्ना बैटरी, शंकर सुखवाल, पावन आगरी एवं राहुल शर्मा काव्य पाठ करेंगे।

5 अक्टूबर, शाम – सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ। मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत। कार्यक्रम में श्रीराम भारतीय कला केंद्र, नई दिल्ली द्वारा मीरा नृत्य वाटिका तथा ओडिसी नृत्यांगना कुंजलता मिश्रा एवं समूह अपनी प्रस्तुति देंगे।

6 अक्टूबर, प्रातः 8:15 बजे – मीरा मंदिर दुर्ग परिसर में भक्ति रसोत्सव। प्रयागराज, पटियाला एवं अन्य सांस्कृतिक केन्द्रों के कलाकार मीरा भजनों और भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे।

6 अक्टूबर, शाम 6 बजे – इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में समापन समारोह। मुख्य अतिथि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, अध्यक्षता सांसद सी.पी. जोशी। कत्थक केन्द्र, नई दिल्ली द्वारा “सांवरे रंग राची” नृत्य नाटिका और दीपक माथुर द्वारा मीरा भजन प्रस्तुत होंगे। संस्थान पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष अर्जुन मुंदड़ा, सह सचिव सुनील ढीलिवाल, कोषाध्यक्ष विनायक द्विवेदी, कार्यकारिणी सदस्य जयप्रकाश भटनागर एवं मनोज पारीक सहित अन्य  पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबरें भी पढ़ें…

chittorgarhnews
Author: chittorgarhnews

Leave a Comment